वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में कार्यरत एवं सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों को वित्तीय प्रबंधन और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को बैंक ऑफ बड़ौदा, बरेका शाखा की ओर से प्राविधिक प्रशिक्षण केंद्र (टीटीसी) के ऑडिटोरियम में जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में प्रतिभागियों को सुरक्षित वित्तीय नियोजन के साथ डिजिटल लेन-देन में सतर्कता बरतने के महत्वपूर्ण उपायों की जानकारी दी गई।
बैंक ऑफ बड़ौदा के विशेषज्ञ एजीएम एवं डीआरएम आनंद लखमानी तथा बैंक ऑफ बड़ौदा, बरेका शाखा के शाखा प्रबंधक दिनेश कुमार ने रेलवे सैलरी पैकेज (आरएसपी), कार्यरत कर्मचारियों के वित्तीय प्रबंधन तथा सेवानिवृत्ति की ओर बढ़ रहे कर्मियों के लिए उपयोगी वित्तीय योजनाओं और सावधानियों पर विस्तार से जानकारी दी।
विशेषज्ञों ने कहा कि वर्तमान डिजिटल दौर में वित्तीय प्रबंधन के साथ साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूक रहना भी बेहद आवश्यक है। उन्होंने डिजिटल लेन-देन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों, साइबर अपराध से बचाव, बैंकिंग एवं व्यक्तिगत जानकारी को सुरक्षित रखने तथा संदिग्ध लिंक, कॉल और संदेशों से सतर्क रहने के उपाय बताए। साथ ही सुरक्षित एवं सुनियोजित वित्तीय प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं पर भी उपयोगी सुझाव दिए।

कार्यशाला में बरेका के कार्यरत एवं सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और विशेषज्ञों से वित्तीय प्रबंधन तथा साइबर सुरक्षा से जुड़े सवालों के समाधान प्राप्त किए। कार्यशाला का उद्देश्य कर्मचारियों को वित्तीय रूप से अधिक जागरूक तथा डिजिटल रूप से सुरक्षित बनाना रहा।
इस अवसर पर प्राविधिक प्रशिक्षण केंद्र के प्राचार्य सुभाष चंद्र यादव, वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी-मुख्यालय राजकुमार गुप्ता, सहायक कार्मिक अधिकारी-कर्मशाला पीयूष मिंज, सहायक कार्मिक अधिकारी-मुख्यालय राम प्रवेश यादव, संयुक्त सचिव कर्मचारी परिषद प्रदीप कुमार यादव, कर्मचारी परिषद के सदस्य नवीन कुमार सिन्हा, श्रीकांत यादव और संतोष कुमार यादव सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।










