चन्दौली। कुछमन क्षेत्र के चांदपुर रतनपुरवा में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का प्रसंग सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। कथा व्यास पंडित राधारमणाचार्य ने वामन अवतार, भगवान श्रीराम जन्म के उपरांत भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की कथा का रसपूर्ण एवं सारगर्भित वर्णन किया। कथा के दौरान पूरा पंडाल भक्ति और उल्लास से सराबोर रहा।
कथा व्यास ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म से जुड़े प्रसंगों को भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत करते हुए उनके अवतार के आध्यात्मिक महत्व को सरल एवं प्रभावशाली तरीके से समझाया। जैसे ही कथा भगवान श्रीकृष्ण के जन्म प्रसंग पर पहुंची, श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। भक्तों ने एक-दूसरे को बधाई दी और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से पूरा पंडाल गूंज उठा।
इस अवसर पर भागवत कथा के यज्ञाचार्य पंडित सुरेंद्र तिवारी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ स्वस्तिवाचन कराया और भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का पूजन संपन्न कराया। जन्मोत्सव के दौरान श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए। कथा स्थल पर आयोजकों की ओर से श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं।

कथा में अमरनाथ सिंह, जगदीश सिंह, प्रेम मोहन सिंह, बालेश्वर सिंह, दिलीप सिंह, अखिलेश सिंह, रोहित सिंह, मधुबाला सिंह, विजय सिंह चंदेल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।










