वाराणसी। श्री विश्वनाथ अक्षय सेवा फाउंडेशन की ओर से मंगलवार को दुर्गाकुंड स्थित राजकीय वृद्धाश्रम में सेवा कार्य करते हुए वहां निवासरत महिलाओं के बीच फल वितरित किए गए। संस्था के सदस्यों ने सेव, केला समेत विभिन्न फलों का वितरण कर वृद्धाश्रम की माताओं का आशीर्वाद लिया।
इस अवसर पर फाउंडेशन के डायरेक्टर मनोज कुमार सिंह ने कहा कि संस्था की स्थापना उनके पिताश्री की स्मृति में की गई है। उनके संस्कारों से प्रेरणा लेकर फाउंडेशन निराश्रित बच्चियों के विवाह, वृद्धाश्रम एवं अनाथालयों में सेवा के साथ ही असहाय, जरूरतमंद और कमजोर वर्ग के लोगों की सहायता के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। जनहित और सेवा कार्यों के माध्यम से समाज में मानवीय संवेदना एवं सेवा भावना का संदेश देना संस्था का प्रमुख उद्देश्य है।
डायरेक्टर रिंपी सिंह ने कहा कि वृद्धाश्रम की माताओं के बीच फल वितरण कर उनका आशीर्वाद प्राप्त करना संस्था के सदस्यों के लिए सुखद एवं भावनात्मक अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन की ओर से भविष्य में भी इसी तरह के सेवा कार्य निरंतर जारी रखे जाएंगे।

फल वितरण कार्यक्रम में फाउंडेशन के डायरेक्टर मनोज कुमार सिंह, रिंपी सिंह, रागिनी सिंह, मीनू विश्वकर्मा, राकेश सोनकर, राहुल सोनकर, दीपक सोनकर, रोहित विश्वकर्मा, रमेश गौड़ समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।










