वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के प्रथम कुलपति एवं भारत रत्न डॉ. भगवान दास की पुण्यतिथि पर शुक्रवार को विश्वविद्यालय परिसर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी ने डॉ. भगवान दास के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
पंत प्रशासनिक भवन में कुलपति प्रो. त्यागी ने डॉ. भगवान दास के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद केंद्रीय पुस्तकालय के सामने स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। इस अवसर पर कुलपति ने डॉ. भगवान दास के शैक्षिक, सामाजिक एवं राष्ट्रहित में योगदान को रेखांकित करते हुए उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि डॉ. भगवान दास का जीवन ज्ञान, शिक्षा, भारतीय संस्कृति और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण का प्रेरणास्रोत है। उनके विचार और योगदान आज भी शिक्षण संस्थानों तथा नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक हैं।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय, कुलानुशासक डॉ. अम्बरीष राय, डीन अकादमी प्रो. बंशीधर पाण्डेय, मुख्य गृहपति डॉ. नागेन्द्र कुमार सिंह सहित संकायाध्यक्ष, निदेशक, विभागाध्यक्ष, अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।











