वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के शिक्षाशास्त्र विभाग में शुक्रवार को बी.एड. नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी ने विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, विकास कार्यों एवं अकादमिक वातावरण से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि एक शिक्षक केवल ज्ञान का संवाहक नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का प्रमुख आधार होता है। विद्यार्थियों से उन्होंने चुनौतियों का सकारात्मक ढंग से सामना करते हुए उत्कृष्ट शिक्षक बनने तथा राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।
विभागाध्यक्ष प्रो. रमाकान्त सिंह ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें विभाग की शैक्षणिक गतिविधियों से परिचित कराया। उन्होंने आश्वस्त किया कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं हर स्तर पर आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
कार्यक्रम में डॉ. राखी देब, डॉ. राजेंद्र यादव, डॉ. वीणा वादिनी अर्याल, डॉ. अभिलाषा जायसवाल, डॉ. रमेश प्रजापति, डॉ. ज्योत्स्ना राय, डॉ. दिनेश कुमार, डॉ. पवन सिंह तथा डॉ. विनय सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को अनुशासन, नैतिक मूल्यों और उत्कृष्ट शिक्षकीय व्यक्तित्व के विकास के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. ध्यानेंद्र कुमार मिश्र ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रो. सुरेंद्र राम ने प्रस्तुत किया।











