वाराणसी। उत्तर प्रदेश जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन (उपज) की वाराणसी इकाई के स्थापना दिवस समारोह में शनिवार को पत्रकारिता की सामाजिक जिम्मेदारियों, लोकतांत्रिक मूल्यों और सकारात्मक संवाद की आवश्यकता पर जोर दिया गया। शिवपुर स्थित मारवाड़ी धर्मशाला में आयोजित समारोह में विभिन्न क्षेत्रों की विशिष्ट हस्तियों को “काशी कोहिनूर रत्न सम्मान” से सम्मानित किया गया, वहीं संगठन विस्तार के तहत नए सदस्यों को भी उपज परिवार से जोड़ा गया।
मुख्य अतिथि महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कुलपति डॉ. आनंद कुमार त्यागी ने कहा कि वर्तमान समय में समाज को सही दिशा देने वाले आदर्श व्यक्तित्वों की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ है और पत्रकारों की लेखनी समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की क्षमता रखती है। उन्होंने उपज द्वारा शिक्षा, साहित्य, चिकित्सा, समाजसेवा और पत्रकारिता सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित किए जाने को अनुकरणीय पहल बताया।
विशिष्ट अतिथि एवं पत्रकारिता विभागाध्यक्ष प्रो. नागेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि समाज में बढ़ती कटुता और युवाओं के एक वर्ग में विकसित हो रही नकारात्मक सोच चिंता का विषय है। उन्होंने जंतर-मंतर पर हुए हालिया प्रदर्शन के दौरान प्रयोग की गई आपत्तिजनक भाषा का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं सामाजिक मूल्यों को कमजोर करती हैं। उन्होंने कहा कि मीडिया को अपनी लेखनी के माध्यम से समाज में संवाद, शालीनता और सौहार्द की संस्कृति को मजबूत करना चाहिए।

समारोह में वरिष्ठ अधिवक्ता विजय शंकर रस्तोगी, वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. राम सुधार सिंह, डॉ. राम प्रसाद सिंह, समाजसेवी प्रेम कपूर, डॉ. शिप्रा धर तथा अमन कबीर को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए “काशी कोहिनूर रत्न सम्मान” प्रदान किया गया। सम्मानित अतिथियों ने इसे समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को और अधिक समर्पण के साथ निभाने की प्रेरणा बताया।
इस अवसर पर पत्रकारिता और समाज जीवन की दिवंगत विभूतियों स्व. बाबूराव विष्णुराव पराड़कर, स्व. डॉ. भगवान दास अरोड़ा, स्व. ईश्वर चंद्र सिन्हा, स्व. ईश्वर देव मिश्र, स्व. दीनानाथ गुप्त, उपज के संस्थापक सदस्य स्व. दादा पी.के. राय तथा स्व. राधेश्याम लाल कर्ण की स्मृति में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि ने पौधरोपण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने इसे पर्यावरण संरक्षण और प्रेरणास्पद व्यक्तित्वों के प्रति सम्मान का प्रतीक बताया।
उपज के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं वाराणसी इकाई के अध्यक्ष विनोद कुमार बागी ने कहा कि पत्रकारों को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ माना जाता है, लेकिन आज भी उनकी सुरक्षा और अधिकारों को लेकर ठोस संवैधानिक व्यवस्था का अभाव है। उन्होंने कहा कि संगठन पत्रकारों के हितों की रक्षा और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
प्रदेश महामंत्री आनंद कर्ण ने बताया कि पत्रकारों को संगठनात्मक सहयोग और सुरक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेश के प्रत्येक जिले में उपज का विस्तार किया जा रहा है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर हर पत्रकार को संगठन का मजबूत साथ मिल सके।
समारोह के दौरान संगठन में नए सदस्यों का स्वागत भी किया गया। इंडिया न्यूज़ बुलेटिन 24×7 के प्रबंध निदेशक देवेंद्र श्रीवास्तव एवं निदेशक मनीष श्रीवास्तव ने भी अन्य सदस्यों के साथ उपज की सदस्यता ग्रहण की। संगठन पदाधिकारियों ने उनका स्वागत करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके जुड़ने से पत्रकार हितों की आवाज को और अधिक मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में डॉ. अरविंद कुमार सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि संचालन महामंत्री मोनेश श्रीवास्तव ने किया। अंत में प्रकाश अनिल जायसवाल ने आभार व्यक्त किया। समारोह में उपज के पदाधिकारी, सदस्य, वरिष्ठ पत्रकार, साहित्यकार, समाजसेवी तथा काशी के अनेक गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।










