वाराणसी। सेवापुरी क्षेत्र में शनिवार को ‘जॉब सारथी’ एवं ‘मनी सारथी’ के शुभारंभ के साथ युवाओं के कौशल विकास, रोजगार मार्गदर्शन और वित्तीय सशक्तिकरण की दिशा में एक नई पहल का आगाज हुआ। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त ग्राम विकास अधिकारी वीरेंद्र कुमार दुबे रहे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, वित्तीय क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं अतिथियों के स्वागत-सम्मान के साथ हुआ। इस अवसर पर काशी वार्ता के सुशील सिंह, वाराणसी जिला उपाध्यक्ष सुरेश सिंह, जिला पंचायत सदस्य हर्षवर्धन सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष (सेवापुरी) अभिषेक दुबे, प्रधान संघ उत्तर प्रदेश के महासचिव चंद्रभूषण सिंह, सिखड़ी के ग्राम प्रधान राजेश सिंह, दिलावलपुर के ग्राम प्रधान हरिकुंवर सिंह, पूर्व ग्राम प्रधान निर्मल सिंह, एक्सिस म्यूचुअल फंड के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट मार्तंड सिंह, एलआईसी डेवलपमेंट ऑफिसर राजकुमार सिंह, अपना दल के राष्ट्रीय सचिव दिव्यांशु कुमार ‘दीपू’ सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
जॉब सारथी एवं मनी सारथी के संस्थापक सर्वेश सिंह तथा सहयोगी अनीश सिंह ने दोनों प्लेटफॉर्म की कार्ययोजना और उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि जॉब सारथी के माध्यम से युवाओं को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण, अंग्रेजी संचार, व्यक्तित्व विकास, कॉर्पोरेट व्यवहार, इंटरव्यू की तैयारी तथा रोजगारोन्मुख मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे उन्हें निजी क्षेत्र में बेहतर अवसर प्राप्त हो सकें।

उन्होंने बताया कि मनी सारथी आम नागरिकों को वित्तीय रूप से जागरूक और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य करेगा। इसके माध्यम से बीमा, म्यूचुअल फंड, ऋण, निवेश, बचत तथा अन्य वित्तीय सेवाओं की जानकारी और परामर्श एक ही मंच पर उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि लोग अपनी जरूरतों के अनुरूप बेहतर वित्तीय निर्णय ले सकें।
मुख्य अतिथि वीरेंद्र कुमार दुबे ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा के साथ कौशल विकास और वित्तीय साक्षरता भी समान रूप से महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यह पहल युवाओं को रोजगार के लिए तैयार करने के साथ-साथ आम लोगों को आर्थिक रूप से जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने इसे समाजहित में एक सार्थक और दूरदर्शी प्रयास बताया।
वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं तक रोजगारपरक प्रशिक्षण और वित्तीय शिक्षा पहुंचाने की दिशा में यह पहल मील का पत्थर साबित हो सकती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में जॉब सारथी एवं मनी सारथी हजारों युवाओं और परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में सहायक बनेंगे।
कार्यक्रम के अंत में संस्थापक सर्वेश सिंह ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य गांव-गांव तक कौशल विकास, रोजगार परामर्श और वित्तीय जागरूकता पहुंचाकर युवाओं को आत्मनिर्भर तथा परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। सहयोगी अनीश सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया।










