वाराणसी। भारतीय डाक कर्मचारी महासंघ (बीपीईएफ) के राष्ट्रव्यापी चरणबद्ध आंदोलन के तहत मंगलवार को वाराणसी पूर्व (ईस्ट) एवं पश्चिम डाक मंडल के मंडलीय कार्यालयों पर डाक कर्मचारियों ने गेट मीटिंग कर जोरदार प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए केंद्र सरकार और डाक विभाग का ध्यान समस्याओं की ओर आकर्षित किया।
महासंघ के अनुसार प्रथम चरण के तहत 20 से 27 जुलाई तक ब्लैक बैज डे मनाने के बाद दूसरे चरण में यह प्रदर्शन आयोजित किया गया। आंदोलन का नेतृत्व बीपीईएफ ग्रुप-सी (उत्तर प्रदेश सर्किल) के सर्किल अध्यक्ष राम रतन पांडेय एवं उपाध्यक्ष जगदीश चंद्र शादेजा ने किया।
गेट मीटिंग को संबोधित करते हुए दोनों पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों ने एक स्वर में संकल्प लिया है कि यदि उनकी मांगों का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो संगठन 5 अगस्त को एक दिवसीय हड़ताल तथा 18 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल करने के लिए बाध्य होगा। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य डाक विभाग को मजबूत बनाए रखना, कर्मचारियों पर लक्ष्य (टारगेट) का अनावश्यक दबाव समाप्त करना तथा विभाग के निजीकरण का विरोध करना है।

प्रदर्शन में सदानंद, राकेश अभिनव राय, विकास, मनीष पांडेय, दिनेश तिवारी, अशोक चौबे, शिवपूजन, पंकज, सी. अनिथा, रजिया हसन, दीक्षा भारती सहित बड़ी संख्या में डाक कर्मचारियों एवं संगठन के पदाधिकारियों ने भाग लेकर आंदोलन के प्रति एकजुटता जताई।










