Follow us on

Home » राज्य समाचार » उत्तर प्रदेश » वाराणसी » राहुल गांधी प्रकरण और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, महानगर अध्यक्ष चंचल शर्मा समेत कई कार्यकर्ता हिरासत में

राहुल गांधी प्रकरण और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, महानगर अध्यक्ष चंचल शर्मा समेत कई कार्यकर्ता हिरासत में

Share this post:

वाराणसी, 22 जुलाई। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ कथित दुर्व्यवहार तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर बुधवार को महानगर युवा कांग्रेस ने महानगर अध्यक्ष चंचल शर्मा के नेतृत्व में जोरदार प्रतिरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने आगे बढ़ रहे कार्यकर्ताओं को रोकते हुए चंचल शर्मा सहित कई पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत युवा कांग्रेस कार्यकर्ता संविधान की प्रतियां हाथ में लेकर बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा की ओर बढ़ रहे थे। इस दौरान उन्होंने संविधान, लोकतंत्र, छात्रों एवं युवाओं के अधिकारों की रक्षा के समर्थन में नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने राहुल गांधी के साथ कथित दुर्व्यवहार की निंदा करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देने की मांग की।

प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर पहले से भारी पुलिस बल तैनात था। जैसे ही कार्यकर्ता आगे बढ़ने लगे, पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद महानगर अध्यक्ष चंचल शर्मा सहित अनेक युवा कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। हिरासत के दौरान भी कार्यकर्ता संविधान, लोकतंत्र तथा युवाओं के अधिकारों की रक्षा के समर्थन में नारेबाजी करते रहे।

गिरफ्तारी के बाद महानगर अध्यक्ष चंचल शर्मा ने आरोप लगाया कि सरकार शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक विरोध से घबराकर पुलिस प्रशासन का दुरुपयोग कर विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने दावा किया कि आंदोलन में शामिल होने से रोकने के लिए पुलिस उनके आवास और प्रतिष्ठान पर पहले से निगरानी कर रही थी। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी तथा गिरफ्तारियों और दमन से आंदोलन कमजोर नहीं होगा। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक आधार पर इस्तीफा देने की मांग दोहराते हुए कहा कि छात्रों और युवाओं के हितों से जुड़े मुद्दों पर सरकार जवाब देने के बजाय विरोध की आवाज दबाने में लगी है।

महानगर युवा कांग्रेस ने अपने बयान में कहा कि महानगर अध्यक्ष चंचल शर्मा, प्रदेश महासचिव अनुपम राय सहित सभी कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन है। संगठन ने स्पष्ट किया कि संविधान, लोकतंत्र, छात्रों और युवाओं के सम्मान की रक्षा के लिए उसका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा तथा पुलिसिया कार्रवाई से कार्यकर्ताओं का मनोबल कमजोर नहीं होगा।

हिरासत में लिए गए प्रमुख कार्यकर्ताओं में महानगर अध्यक्ष चंचल शर्मा, प्रदेश महासचिव अनुपम राय, प्रदेश सचिव सिद्धार्थ केशरी, मित्तल साहनी, मदन कन्नौजिया, अनुराग मिश्रा, आदित्य मिश्रा, आशु शर्मा, रोहित यादव एवं बच्चा गौड़ सहित अन्य युवा कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे।

लेखक के बारे में

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

मौसम अपडेट

राशिफल

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x