Follow us on

Home » राज्य समाचार » उत्तर प्रदेश » वाराणसी » स्वर्णिम रथ पर विराजे काशी के कोतवाल, 72वीं शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब

स्वर्णिम रथ पर विराजे काशी के कोतवाल, 72वीं शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब

Share this post:

वाराणसी। धर्म, आस्था और सनातन संस्कृति की विश्व राजधानी काशी में गुरुवार को काशी के कोतवाल बाबा श्री काल भैरव की 72वीं ऐतिहासिक एवं भव्य शोभायात्रा श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ निकाली गई। स्वर्णिम रथ पर विराजमान बाबा की स्वर्ण-रजत पंचबदन प्रतिमा के दर्शन के लिए हजारों श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। पूरे मार्ग पर ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय बाबा काल भैरव’ के गगनभेदी जयघोष से वातावरण शिवमय हो गया। श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर बाबा का स्वागत करते हुए विश्व शांति, राष्ट्र की समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।

सन् 1954 से चली आ रही इस गौरवशाली परंपरा के अंतर्गत स्वर्णकार क्षत्रिय कमेटी द्वारा आयोजित शोभायात्रा का शुभारंभ चौखंभा स्थित काठ की हवेली से वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और डमरुओं की मंगलध्वनि के बीच हुआ। कमेटी के अध्यक्ष घनश्याम सेठ ‘बच्चा’, महामंत्री राजू वर्मा, कोषाध्यक्ष विक्रम सिंह, शोभायात्रा मंत्री जनार्दन वर्मा सहित पदाधिकारियों ने विधिवत पूजन एवं आरती के बाद यात्रा को रवाना किया।धर्मध्वजाओं, ताशा-बाजा, पाइप बैंड, छत्रधारी अश्वों और भगवान राधा-कृष्ण, शिव-पार्वती, मां दुर्गा, मां काली तथा श्रीहनुमान की आकर्षक झांकियों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। माता वैष्णो देवी और गोविंदेश्वर महादेव की झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। शहनाई की मधुर स्वर लहरियों और भजनों ने पूरे मार्ग को भक्तिरस में सराबोर कर दिया।

भीषण गर्मी के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर रहा। भक्त पूरी यात्रा के दौरान बाबा को ताड़ का पंखा डुलाते हुए चलते रहे। मार्ग में विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं ने पुष्पवर्षा, आरती, प्रसाद वितरण और शीतल पेय सेवा के माध्यम से शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया। कमेटी के सभी पदाधिकारी पारंपरिक केसरिया पगड़ी में सनातन संस्कृति की गरिमा का संदेश देते हुए शोभायात्रा का नेतृत्व कर रहे थे।

शोभायात्रा चौखंभा, बीबीहटिया, विशेश्वरगंज, महामृत्युंजय, दारानगर, मैदागिन, बुलानाला, चौक, नारियल बाजार, गोविंदपुरा, ठठेरी बाजार, सोराकुआं और गोलघर होते हुए श्री काल भैरव मंदिर पहुंची। वहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बाबा की महाआरती संपन्न हुई तथा पंचबदन प्रतिमा का पुनः मंदिर में विधिवत प्रतिष्ठापन किया गया। सायंकाल पंडित जय कृष्ण दीक्षित के आचार्यत्व में 11 विद्वान ब्राह्मणों ने विशेष वैदिक अनुष्ठान और बसंत पूजन संपन्न कराया।

शोभायात्रा में कमेटी के संस्थापक स्वर्गीय किशुनदास जी एवं स्वर्गीय भिखू सेठ जी की सुसज्जित झांकी भी श्रद्धांजलि स्वरूप शामिल रही। रथ की सज्जा संरक्षक श्याम सुंदर सिंह के नेतृत्व में की गई, जबकि नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों ने पूरी यात्रा की व्यवस्थाएं संभालीं। सूचना मंत्री संदीप सेठ के नेतृत्व में 15 सदस्यीय दल ने रथ खींचने का दायित्व निभाया।

मीडिया संयोजक डॉ. कैलाश सिंह विकास एवं किशोर कुमार सेठ ने कहा कि बाबा काल भैरव की यह शोभायात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता और लोककल्याण का विराट उत्सव है। बाबा से विश्व शांति, भारत की निरंतर प्रगति तथा प्रत्येक परिवार के सुख-समृद्धि की प्रार्थना की गई।

**शोभायात्रा में आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी, पार्षद संजय विश्वंभरी, मनोज यादव, कनकलता मिश्रा, पूर्व पार्षद बृजकिशोर दास, रविशंकर सिंह, अशोक सेठ, किशोर सेठ, मनोज सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में ईश्वर दयाल सिंह सेठ, महामृत्युंजय मंदिर के महंत किशन दीक्षित, शिव गोपाल सर्राफ, कमलेश चंद्र वर्मा, राकेश वर्मा, सुमित वर्मा ‘चंदू’, सत्यनारायण सेठ, विजय चौधरी, अन्ना मोरे तथा संतोष पाटिल शामिल रहे। वहीं कमेटी परिवार से अध्यक्ष घनश्याम सेठ ‘बच्चा’, महामंत्री राजू वर्मा, कोषाध्यक्ष विक्रम सिंह, शोभायात्रा मंत्री जनार्दन वर्मा, घनश्याम दास, गंगाराम जी, सरोज सेठ, विनोद कुमार सेठ, श्याम सुंदर सिंह, रवि सर्राफ, कृष्ण कुमार सेठ, मुरली मनोहर सिंह, कमल कुमार सिंह, नरसिंह दास, शैलेश चंद्र वर्मा, अशोक वर्मा, दुर्गा प्रसाद एडवोकेट, देवकांत वर्मा, अनुज गौतम, सत्य प्रकाश सेठ, श्याम कुमार सर्राफ, प्रताप सिंह, अवधेश सेठ, अमित सोनी, सुरेंद्र सेठ एडवोकेट, विशाल सेठ, रवि शंकर, आशीर्वाद सिंह, महेश सिंह, जितेंद्र सेठ, हनी सेठ, कृष्ण कुमार पवार, किशन सेठ, अजीत सोनी, श्याम जी सेठ, मनोज सेठ, संजय वर्मा, सर्वेश वर्मा, अनूप गौतम, राजेश सोनी, नीरज सेठ, विनोद सेठ, राम प्रकाश लाले, शिव शंकर सेठ, निरंजन सोनी, प्रकाश सेठ सहित स्वर्णकार समाज के हजारों श्रद्धालु शोभायात्रा में शामिल हुए।

लेखक के बारे में

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

मौसम अपडेट

राशिफल

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x