वाराणसी। अनमोल सेवा समिति के तत्वावधान में रविवार को दुर्गाकुंड स्थित श्री हनुमान प्रसाद पोद्दार अंध विद्यालय में “अनमोल नाट्य समारोह” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कला एवं संस्कृति के संरक्षण के साथ-साथ दिव्यांग प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराना और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना रहा।
समारोह में कलाकारों ने सामाजिक सरोकारों, सांस्कृतिक मूल्यों और प्रेरणादायक विषयों पर आधारित नाट्य प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की भरपूर सराहना प्राप्त की। प्रभावशाली प्रस्तुतियों ने समाज में समानता, संवेदनशीलता और सकारात्मक सोच का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि महामंडलेश्वर कृपानंद महाराज ने कहा कि कला समाज को जोड़ने और मानवीय मूल्यों को सुदृढ़ करने का सबसे प्रभावी माध्यम है। ऐसे आयोजन प्रतिभाओं को पहचान दिलाने के साथ समाज में समावेशी सोच को भी मजबूत करते हैं।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में अजित सिंह बघा, पंकज तिवारी, यूनिवर्सल वर्ल्ड डांसर आशुतोष यादव, गायिका आशिका सिंह, आकाश दीप सिंह, आकाश सिंह तथा शुभम श्रीवास्तव उपस्थित रहे।
समारोह का संचालन डॉ. सुनीता तिवारी ने किया, जबकि संस्था के अध्यक्ष अरविंद कुमार चक्रवाल ने सभी अतिथियों, सहयोगियों, विद्यालय परिवार एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन सम्मान समारोह एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ।










