वाराणसी। चितईपुर थाना पुलिस ने नाबालिग बालिका के यौन शोषण, आपराधिक धमकी तथा कपटपूर्वक आभूषण हड़पने के आरोप में एक महिला सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपितों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित प्रावधानों के तहत आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर एवं प्रभारी निरीक्षक चितईपुर के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस ने पहले बुधवार देर रात विवेकानंदपुरम कॉलोनी से 32 वर्षीय महिला आरोपिता को गिरफ्तार किया। इसके बाद गुरुवार को विशाल कुमार निवासी कंचनपुर, कंदवा (मड़ुवाडीह) तथा विवेक यादव उर्फ विक्की निवासी डिहवा (मड़ुवाडीह) को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, तीनों पर नाबालिग बालिका के यौन शोषण, जान से मारने की धमकी देने और कपटपूर्वक आभूषण हड़पने का आरोप है। गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार गौतम, उपनिरीक्षक विवेक शुक्ला, हेड कांस्टेबल राजय भारतीय, कांस्टेबल शिवम कुमार तथा महिला कांस्टेबल अनिता की प्रमुख भूमिका रही।










