वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में स्थानीय श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दर्शन व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक के बाद वाराणसी के निवासियों के लिए विशेष प्रवेश व्यवस्था लागू कर दी गई है। नई व्यवस्था के तहत अब स्थानीय श्रद्धालु सुबह 4:15 बजे से रात 10:45 बजे तक अपनी सुविधानुसार किसी भी समय बाबा श्री काशी विश्वनाथ के दर्शन कर सकेंगे।
मंदिर प्रशासन ने स्थानीय नागरिकों के लिए गेट संख्या-4बी को विशेष प्रवेश द्वार के रूप में चिन्हित किया है, जिसे ‘काशी द्वार’ नाम दिया गया है। इस द्वार से वाराणसी के निवासी सामान्य श्रद्धालुओं की भीड़ से अलग कतार के माध्यम से मंदिर में प्रवेश कर सहज और सुगमता से बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर सकेंगे।
हालांकि, इस सुविधा का लाभ केवल वाराणसी के स्थायी स्थानीय निवासियों को ही मिलेगा। इसके लिए प्रवेश के समय वैध स्थानीय पहचान पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। पहचान सत्यापित होने के बाद ही श्रद्धालुओं को ‘काशी द्वार’ से प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।

गौरतलब है कि इससे पहले स्थानीय श्रद्धालुओं के लिए विशेष दर्शन की सुविधा केवल सुबह 4 से 5 बजे तथा शाम 4 से 5 बजे तक सीमित थी। नई व्यवस्था लागू होने के बाद यह समय-सीमा समाप्त कर दी गई है, जिससे स्थानीय लोगों को निर्धारित समय का इंतजार नहीं करना पड़ेगा और वे दिनभर अपनी सुविधा के अनुसार बाबा के दर्शन कर सकेंगे।










