वाराणसी। देशभर में नीट समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के विरोध में आम आदमी पार्टी (आप) के दक्षिणी विधानसभा इकाई के कार्यकर्ताओं ने रविवार को मैदागिन स्थित टाउनहॉल परिसर में गांधी प्रतिमा के समक्ष सर्वधर्म प्रार्थना सभा आयोजित की। इस दौरान दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलनरत छात्रों के प्रति समर्थन व्यक्त करते हुए निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग उठाई गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आप नेता घनश्याम पांडे ने कहा कि पिछले एक सप्ताह से जंतर-मंतर पर देशभर के छात्र नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों की प्रमुख मांग पारदर्शी, निष्पक्ष और पेपर लीक मुक्त परीक्षा प्रणाली लागू करने की है। साथ ही उन्होंने इस प्रकरण की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग दोहराई।
उन्होंने कहा कि वाराणसी में आयोजित सर्वधर्म प्रार्थना सभा के माध्यम से आंदोलनरत छात्रों के प्रति एकजुटता व्यक्त करते हुए उनकी मांगों का समर्थन किया गया।

इस अवसर पर रेखा जायसवाल, अब्दुल्ला खान, सरोज शर्मा, विनोद जायसवाल, मोहम्मद आकिब खान, आर.के. उपाध्याय, निलेश कुमार सिंह, जितेंद्र कुमार, सौरभ यादव, विनोद कुशवाहा, ओम कुमार, नरेंद्र गुप्ता, अंकित सेठ, नियाज सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।










