वाराणसी। कमिश्नरेट पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार से जुड़े एक मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना भेलूपुर और थाना चौक की संयुक्त पुलिस टीम ने फरार चल रहे आरोपी अविनाश सिंह उर्फ अनीस को ग्रेटर नोएडा (अल्फा-2) से गिरफ्तार कर वाराणसी लाया। आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर एवं दशाश्वमेध के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अविनाश सिंह उर्फ अनीस (20 वर्ष) पुत्र अरविंद कुमार सिंह, निवासी ग्राम करमैनी गाजी, थाना कुचायकोट, जिला गोपालगंज (बिहार) के रूप में हुई है। वह थाना भेलूपुर में दर्ज अनैतिक देह व्यापार अधिनियम की विभिन्न धाराओं के मुकदमे में वांछित था और उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

इस कार्रवाई में सहायक पुलिस आयुक्त डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी, प्रभारी निरीक्षक दुर्गा सिंह, उपनिरीक्षक दीपक कुमार, उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार त्रिपाठी तथा आरक्षी सत्यम मिश्रा की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।










