वाराणसी। निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर लक्सा स्थित श्री श्याम मंदिर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस अवसर पर श्री श्याम प्रभु का भव्य एवं आकर्षक श्रृंगार कर रंग-बिरंगे पुष्पों से अलौकिक झांकी सजाई गई। मंदिर परिसर को भी फूलों एवं हरी पत्तियों की मनोहारी झालरों से सजाकर दिव्य स्वरूप प्रदान किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
प्रातःकाल से ही श्रद्धालुओं का मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए तांता लगा रहा। भक्तों ने विधि-विधान से भगवान श्याम का पूजन-अर्चन कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं लोककल्याण की कामना की। विशेष श्रृंगार के दौरान प्रभु का दिव्य स्वरूप श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा। सुसज्जित मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने भाव-विभोर होकर श्याम प्रभु के दर्शन किए।
संध्या बेला में आयोजित भजन संध्या ने कार्यक्रम को और अधिक आध्यात्मिक ऊंचाई प्रदान की। स्थानीय भजन गायकों ने अपने मधुर एवं भावपूर्ण भजनों से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। “सांवरे की महफिल को सांवरा ही सजाता है”, “मोर छड़ी लहराई रे, चालो चालो खाटू श्याम”, “बाबा को बुलावा आयो है”, “हारे का सहारा तू” तथा “कीर्तन की है रात बाबा, थाने आज आना पड़सी” जैसे लोकप्रिय भजनों पर श्रद्धालु देर तक झूमते रहे। पूरे मंदिर परिसर में जय श्री श्याम के जयकारों और भजनों की मधुर ध्वनि गूंजती रही।

इस दौरान प्रभु श्याम को विशेष प्रसाद एवं शीतल शरबत का भोग अर्पित किया गया। बाद में प्रसाद एवं शरबत का वितरण श्रद्धालुओं के बीच किया गया। भीषण गर्मी के बीच शरबत वितरण की व्यवस्था श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में संस्था के अध्यक्ष दीपक तोदी, मंत्री पवन कुमार अग्रवाल, संदीप शर्मा कानू, चन्दन तोदी, सुशील गाड़ोदिया, राजेश तुलस्यान, मदन मोहन पोद्दार, अजय खेमका सहित मंदिर समिति के पदाधिकारियों एवं श्याम भक्तों ने सक्रिय भूमिका निभाई। बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने निर्जला एकादशी के इस धार्मिक आयोजन में सहभागिता कर श्याम प्रभु का आशीर्वाद प्राप्त किया।









