वाराणसी। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून (रविवार) को प्रातः 5:30 बजे से 7:00 बजे तक रोशन बैंक्वैट लॉन में भव्य सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में नगर के विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं योग संगठनों के सदस्य सहभागिता करेंगे।
आयोजकों ने बताया कि भारत की प्राचीन योग विद्या आज भी आधुनिक जीवन में उतनी ही प्रासंगिक और उपयोगी है। नियमित योगाभ्यास न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाता है, बल्कि मानसिक संतुलन, आत्मिक शांति एवं सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। वर्तमान समय में अनेक गंभीर बीमारियों के उपचार और रोकथाम में भी योग प्रभावी सिद्ध हो रहा है।
वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के प्रयासों से संयुक्त राष्ट्र द्वारा 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता मिलने के बाद वर्ष 2015 से पूरे विश्व में इसका आयोजन किया जा रहा है। योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर स्वस्थ एवं निरोग जीवन की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है।
कार्यक्रम में विवेकानंद योग शाखा, योगी मंडली, राजीव नगर, शिवधाम मंदिर, शिवधाम नगर, गार्गी योग शाखा एवं विवेकानंद विचार मंच के सदस्य सक्रिय सहभागिता करेंगे।










