वाराणसी। बाबा विश्वनाथ की पावन नगरी काशी की होनहार बेटी और अंतरराष्ट्रीय कराटे खिलाड़ी खुशी सिंह ने एक बार फिर काशी का नाम देश-विदेश में रोशन किया है। कराटे (मार्शल आर्ट) के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक जीतने वाली खुशी सिंह को खेल जगत में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान “UPAA अवार्ड 2025” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान सामाजिक संस्था उत्तर प्रदेश आर्टिस्ट अकादमी द्वारा लखनऊ में आयोजित 32वें राष्ट्रीय सम्मान समारोह में प्रदान किया गया। समारोह में कला, संस्कृति, खेल, सिनेमा और साहित्य के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली देश की अनेक नामचीन हस्तियों को भी सम्मानित किया गया। इनमें लेखक मनोज मंतसी, सुप्रसिद्ध शास्त्रीय गायिका मालिनी अवस्थी, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर पीयूष चावला, प्रसिद्ध चित्रकार एम.एफ. हुसैन, फिल्म निर्देशक जोड़ी अब्बास-मस्तान, अभिनेत्री रवीना टंडन, राहुल राय और महिमा चौधरी सहित कई विभूतियां शामिल रहीं। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश आर्टिस्ट अकादमी बीते दो दशकों से कला, संस्कृति, पर्यटन, फिल्म एवं सामाजिक विकास के क्षेत्रों में निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रही है। संस्था देशभर में सांस्कृतिक, सामाजिक एवं शैक्षिक आयोजनों के माध्यम से कला, शिक्षा, खेल, नारी सशक्तिकरण, स्वास्थ्य और पर्यावरण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित कर उन्हें प्रोत्साहित करती आ रही है। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी खुशी सिंह को राष्ट्रीय स्तर पर यह प्रतिष्ठित सम्मान मिलने से उनके पिता तेज बहादुर सिंह, परिवारजनों, गांव और समस्त काशीवासियों में हर्ष और गर्व का माहौल है। काशी की इस बेटी की सफलता आने वाली पीढ़ियों के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बन रही है।









