वाराणसी। स्वर्गीय अनिल कुमार श्रीवास्तव जी की पुण्य स्मृति में आज दिनांक 18 दिसंबर 2025 को एम.पी. मेमोरियल स्कूल एवं हॉस्टल, करसड़ा, वाराणसी में वॉलीबॉल एवं कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस खेल आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन तथा शारीरिक विकास को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ स्वर्गीय श्री श्रीवास्तव जी के सामाजिक व शैक्षिक योगदान को स्मरण करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय डॉ. सुनील कुमार पटेल, विधायक रोहनिया एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में ब्लॉक प्रमुख महेंद्र सिंह (आराजी लाइन ब्लॉक) की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया तथा खेलों को जीवन में सफलता का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
पूरे आयोजन का संचालन एवं निरीक्षण डायरेक्टर श्रीमती आशा श्रीवास्तव, श्रीमती मीरा श्रीवास्तव (प्रधानाचार्य, कंदवा) एवं श्री संजय कुमार श्रीवास्तव (प्रधानाचार्य, करसड़ा) के कुशल नेतृत्व में किया गया। आयोजकों द्वारा प्रतियोगिता को अनुशासन, पारदर्शिता एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया गया।

प्रतियोगिता के अंतर्गत वॉलीबॉल का पहला मुकाबला अटल आवासीय विद्यालय, करसड़ा एवं सनबीम वरुणा के मध्य खेला गया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अटल आवासीय विद्यालय की टीम ने जीत दर्ज की। वहीं कबड्डी का पहला मैच जी.डी. गोयनका एवं लिटिल स्टार के बीच हुआ, जिसमें जी.डी. गोयनका की टीम विजयी रही।
इस खेल महोत्सव में प्रतियोगिता प्रभारी के रूप में श्री लंकेश जायसवाल तथा सह-प्रभारी श्री अभिमन्यु तिवारी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विद्यालय परिवार, शिक्षकगण एवं उपस्थित दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
समारोह के समापन अवसर पर आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार के खेल आयोजन न केवल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं, बल्कि स्वर्गीय अनिल कुमार श्रीवास्तव जी की स्मृति को चिरस्थायी बनाए रखने का भी एक सशक्त माध्यम हैं।








