वाराणसी। गोविंदपुरा सर्राफा बाजार से 16 जुलाई को 27 किलोग्राम चांदी की टप्पेबाजी की घटना के बाद व्यापारियों की सुरक्षा संबंधी मांगों पर पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है। शुक्रवार को सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने वाराणसी सर्राफा एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ सर्राफा बाजार का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा संवेदनशील स्थानों पर आवश्यक पुलिस व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
एसीपी डॉ. त्रिपाठी ठठेरी बाजार, सुड़िया, रेशम कटरा, मच्छरहट्टा फाटक होते हुए गोविंदपुरा सर्राफा बाजार पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संवेदनशील स्थलों को चिन्हित करते हुए चौक थाना प्रभारी को प्रमुख स्थानों पर पिकेट ड्यूटी लगाने तथा नियमित निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि व्यापारियों और ग्राहकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
निरीक्षण के दौरान वाराणसी सर्राफा एसोसिएशन के महामंत्री रवि सर्राफ के प्रतिष्ठान पर आयोजित बैठक में 27 किलोग्राम चांदी की टप्पेबाजी की घटना पर भी विस्तार से चर्चा हुई। एसीपी डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने व्यापारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि पुलिस टीम पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और प्रयास है कि सोमवार तक घटना का सफल अनावरण कर आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाए।

गौरतलब है कि घटना के बाद वाराणसी सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष संतोष अग्रवाल के नेतृत्व में व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने एसीपी से मुलाकात कर बाजार की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा घटना के शीघ्र खुलासे की मांग की थी। उसी क्रम में यह निरीक्षण किया गया।
इस अवसर पर एसोसिएशन के महामंत्री रवि सर्राफ, पंकज सर्राफ, राघव दवे, जतिन रस्तोगी, राजा सेठ, किशोर सेठ, अमनदीप सिंह, कमल कुमार सिंह, जय किशन सिंह, सुनील सेठ, विवेक अग्रवाल, किशन सेठ सहित बड़ी संख्या में सर्राफा व्यवसायी उपस्थित रहे।










