वाराणसी। युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग, वाराणसी के तत्वावधान में उत्तर प्रदेश ग्रामीण खेल लीग के अंतर्गत विधानसभा शिवपुर क्षेत्र में विधायक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के दूसरे दिन मंगलवार को फुटबॉल एवं बैडमिंटन (सब जूनियर, जूनियर एवं सीनियर वर्ग – बालक व बालिका) की प्रतिस्पर्धाएं बरियासनपुर इंटर कॉलेज, बरियासनपुर, विकासखंड चिरईगांव में प्रातः 9 बजे से संपन्न हुईं।
खेलकूद प्रतियोगिता का संचालन क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी वीरेंद्र कुमार द्वारा किया गया। विभिन्न वर्गों में खिलाड़ियों ने उत्साह और खेल भावना का परिचय देते हुए शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता परिणाम इस प्रकार रहे—

सब जूनियर बालक वर्ग में फुटबॉल प्रतियोगिता में रुस्तमपुर की टीम विजेता बनी। बैडमिंटन एकल में अंश पटेल ने प्रथम तथा आयुष सिंह ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
सब जूनियर बालिका वर्ग में फुटबॉल में मिल्कोपुर की टीम विजेता एवं कमौली की टीम उपविजेता रही। बैडमिंटन एकल में मुस्कान पटेल विजेता तथा चाहत चौहान उपविजेता रहीं।
जूनियर पुरुष वर्ग में बैडमिंटन एकल प्रतियोगिता में लकी सिंह ने विजय हासिल की।
सीनियर वर्ग में बैडमिंटन एकल में मदाल विजेता एवं आर्यन पटेल उपविजेता रहे, जबकि सीनियर पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिता में बरियासनपुर की टीम ने प्रथम तथा सीवों की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
समापन अवसर पर क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी वाराणसी विवेक सिंह द्वारा सभी विजेता एवं उपविजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का सशक्त मंच प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में चिरईगांव व्यायाम शिक्षक धर्मेंद्र सिंह, पीआरडी आनंद कुमार, जितेंद्र यादव, अविनाश कुमार, अनुपम यादव, सुनील कुमार सहित अन्य सहयोगियों का योगदान सराहनीय रहा।









