वाराणसी। उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने मंगलवार को कोषागार, वाराणसी परिसर में नवनिर्मित पेंशनर्स कक्ष का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज के अनुभव और मार्गदर्शन से ही समाज मजबूत होता है तथा राज्य सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प के साथ उनके हितों के संरक्षण एवं सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
समारोह में मुख्य कोषाधिकारी गोविन्द सिंह ने मंत्री का स्वागत किया। वरिष्ठ नागरिक पेंशनर्स सेवा संस्थान, उत्तर प्रदेश, शाखा-वाराणसी के जिला अध्यक्ष राजेश्वर पाण्डेय एवं जिला मंत्री जयराज बहादुर सिंह ने माल्यार्पण एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका अभिनंदन किया। अन्य पेंशनर्स संगठनों के पदाधिकारियों और वरिष्ठ सदस्यों ने भी मंत्री का स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नागरिक पेंशनर्स सेवा संस्थान की ओर से जिला अध्यक्ष राजेश्वर पाण्डेय ने मंत्री को विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। इस पर मंत्री ने आश्वासन दिया कि पेंशनर्स की न्यायोचित मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पेंशनर्स की सुविधा के लिए उनकी मांग के अनुरूप ही इस नए कक्ष का निर्माण कराया गया है, जिससे उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

समारोह में प्रमुख रूप से श्याम राज यादव, के.आर. शास्त्री, सी.बी. सिंह, ज्योति कुमार राजदानी, संत लाल यादव, शमसुल आरफीन, एस.डी. मिश्र, ए.एन. पाण्डेय, वंशी लाल जायसवाल, दिनेश सिंह, शशिकांत श्रीवास्तव, सुभाष सिंह और श्रीकांत पाण्डेय सहित विभिन्न पेंशनर्स संगठनों के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक एवं पेंशनर्स ने भाग लिया।










