वाराणसी। यातायात नियमों की लगातार अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में 40 से अधिक बार ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले 531 वाहनों का पंजीयन (रजिस्ट्रेशन) निलंबित कर दिया गया है।
यह कार्रवाई अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात) एवं परिवहन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा मोटर वाहन अधिनियम 1988 की धारा-53 के तहत की गई। प्रशासन के अनुसार जिन वाहन स्वामियों पर बार-बार चालान होने के बावजूद नियमों का पालन नहीं किया गया, उनके खिलाफ यह कठोर कदम उठाया गया है।
परिवहन विभाग ने संबंधित वाहन मालिकों को निर्देशित किया है कि वे शीघ्र अपने लंबित चालानों का निस्तारण कराएं। वाहन स्वामी अपने वाहन की आरसी एवं ड्राइविंग लाइसेंस के साथ यातायात पुलिस कार्यालय अथवा परिवहन विभाग में उपस्थित होकर चालानों का शमन करा सकते हैं।

अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय में कार्रवाई न कराने वाले वाहन स्वामियों के विरुद्ध आगे विधिक कार्रवाई भी की जा सकती है।
प्रशासन ने कहा कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। साथ ही आमजन से ट्रैफिक नियमों का पालन करने और सुरक्षित वाहन चलाने की अपील की गई है।









