वाराणसी। नगर निगम कार्यकारिणी के उपसभापति पद पर वार्ड संख्या-96 (दशाश्वमेध) के पार्षद नरसिंह दास चौथी बार निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। इससे पूर्व वह जुलाई 2018, दिसंबर 2020 और जुलाई 2024 में भी उपसभापति का दायित्व संभाल चुके हैं। लगातार चौथी बार इस पद पर निर्विरोध निर्वाचन को उनके लंबे अनुभव और संगठन के विश्वास का प्रतीक माना जा रहा है।
सिगरा स्थित स्मार्ट सिटी सभागार में महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यकारिणी की बैठक में उपसभापति के चुनाव की प्रक्रिया संपन्न हुई। महापौर द्वारा प्रत्याशी के लिए प्रस्ताव आमंत्रित किए जाने पर वार्ड संख्या-28 (सरायनंदन) के पार्षद मदन मोहन तिवारी ने नरसिंह दास के नाम का प्रस्ताव रखा। कार्यकारिणी के सभी सदस्यों ने मेज थपथपाकर प्रस्ताव का समर्थन किया, जिसके बाद महापौर ने नरसिंह दास को निर्विरोध उपसभापति निर्वाचित घोषित किया।
नगर निगम के वरिष्ठ एवं अनुभवी पार्षदों में शामिल नरसिंह दास ने निर्वाचन के बाद पार्टी नेतृत्व और कार्यकारिणी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि चौथी बार मिली यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जवाबदेही भी है। उन्होंने कहा कि वह सभी पार्षदों को साथ लेकर निष्पक्ष, पारदर्शी और ईमानदारी से कार्य करेंगे। उनकी प्राथमिकता शहरवासियों की समस्याओं का त्वरित समाधान और नगर निगम की जनहितकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाना होगी।

बैठक का संचालन संयुक्त नगर आयुक्त कृष्ण चंद ने किया। इस अवसर पर नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल सहित कार्यकारिणी सदस्य प्रवीण राय, मदन मोहन तिवारी, अशोक मौर्य, माधुरी सिंह, सुशीला, इंद्रारानी, राजकपूर चौधरी, गोविंद प्रसाद सिंह, संजय कुमार केशरी, बलराम कन्नौजिया, संदीप रघुवंशी समेत अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।










