वाराणसी। विकासखण्ड काशी विद्यापीठ के पूर्व माध्यमिक विद्यालय लोहता परिसर में मंगलवार को समग्र शिक्षा–समेकित शिक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत दिव्यांग बच्चों को सहायक उपकरणों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में विकासखण्ड काशी विद्यापीठ, आराजी लाइन्स, सेवापुरी एवं नगर क्षेत्र के कुल 172 दिव्यांग बच्चों को विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरण प्रदान किए गए।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या रहीं। उन्होंने बच्चों को 17 ट्राइसाइकिल, 33 व्हीलचेयर, 20 सीपी चेयर, 24 बैसाखी, 1 वॉकिंग स्टिक, 17 रोलैटर, 2 ब्रेल स्लेट, 5 ब्रेल किट, 65 टीएलएम किट, 2 सुगम्य केन, 38 श्रवण यंत्र एवं 18 कैलिपर वितरित किए। इस प्रकार कुल 242 सहायक उपकरण वितरित किए गए।
मुख्य अतिथि पूनम मौर्या ने कहा कि सरकार दिव्यांग बच्चों की शिक्षा, स्वावलंबन और सामाजिक सहभागिता के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। सहायक उपकरणों से बच्चों को दैनिक जीवन में सुविधा मिलेगी और वे आत्मनिर्भर बन सकेंगे।

कार्यक्रम का आयोजन खण्ड शिक्षा अधिकारी राम पूजन पाण्डेय एवं जिला समन्वयक समेकित शिक्षा त्रिलोकी नाथ शर्मा के निर्देशन में संपन्न हुआ। मंच संचालन अरविन्द सिंह कोरौत (संकुल आराजी लाइन्स) द्वारा किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व माध्यमिक विद्यालय लोहता के प्रधानाध्यापक राजेन्द्र स्वरूप शर्मा ने की।
इस अवसर पर विद्यालय के सहायक अध्यापक सुभाष पाण्डेय, मनोज सिंह सहित समेकित शिक्षा के अंतर्गत कार्यरत सभी स्पेशल एजुकेटर उपस्थित रहे।









