वाराणसी। राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस के अवसर पर ‘जागो ग्राहक जागो’ थीम के तहत पराड़कर स्मृति भवन में एक भव्य राष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार का प्रमुख उद्देश्य आम उपभोक्ताओं की ज्वलंत समस्याओं पर चर्चा कर उनके व्यावहारिक समाधान तलाशना रहा। कार्यक्रम का आयोजन पूर्वांचल उपभोक्ता कल्याण समिति के अध्यक्ष एवं संयोजक उदय कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में किया गया।
सेमिनार में महंगाई, भ्रष्टाचार, मिलावट, घटतौली, जीएसटी, स्वच्छता, जल संरक्षण, यातायात व्यवस्था और पर्यावरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन विचार-विमर्श हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि, वरिष्ठ नागरिक, अधिवक्ता, महिलाएं, प्रशासनिक अधिकारी, पत्रकार एवं बड़ी संख्या में आम उपभोक्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रमुख उद्योगपति आर.के. चौधरी, एडीएम सिविल सप्लाई अमित कुमार भारती, विकास प्राधिकरण बोर्ड सदस्य अम्बरीष सिंह, बीएचयू के पूर्व अध्यक्ष अनिल श्रीवास्तव सहित अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। समिति अध्यक्ष उदय कुमार श्रीवास्तव ने अतिथियों का माल्यार्पण, शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया।

मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना, आयुष्मान भारत, मुद्रा योजना, अटल पेंशन योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे संबंधित मोबाइल ऐप डाउनलोड करें अथवा कार्यालयों से संपर्क कर योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित न रहे।
इसके साथ ही अतिथियों ने मिलावटखोरों और घटतौली करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध चल रहे प्रशासनिक अभियानों की जानकारी देते हुए स्पष्ट किया कि ऐसे तत्वों पर कठोर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
कार्यक्रम संयोजक उदय कुमार श्रीवास्तव ने ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों पर चिंता जताते हुए उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम को और प्रभावी ढंग से लागू करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने वाराणसी में गंभीर यातायात जाम की समस्या उठाते हुए यातायात नियोजन समिति की रिपोर्ट को लागू करने, सभी ट्रैफिक सिग्नलों का समय एक समान करने की मांग की।
उन्होंने चौक–मैदागिन मार्ग पर लागू वन-वे व्यवस्था को अव्यवहारिक बताते हुए कहा कि इससे रोगियों और वरिष्ठ नागरिकों को अस्पताल पहुंचने में भारी कठिनाई होती है, अतः इस व्यवस्था पर पुनर्विचार आवश्यक है।
इस अवसर पर संगठनात्मक विस्तार के तहत सुशील कुमार जायसवाल को वाराणसी जिला अध्यक्ष, नीरज चौबे को शहर अध्यक्ष तथा प्रभाकर यादव को युवा समिति का शहर अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
कार्यक्रम के अंत में भारतीय शास्त्रीय संगीत के महान साधक स्वर्गीय पंडित छन्नूलाल मिश्र को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
सेमिनार में अरविंद किशोर राम, तिलक राज कपूर, प्रेमनाथ मिश्रा, गंगा सहाय पांडेय, मनोज यादव, डॉ. रश्मि चित्रांशी सहित अनेक गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।









