वाराणसी। मातृ दिवस के अवसर पर सामाजिक संस्था खुशी की उड़ान एवं बाबा जी की फ्री पाठशाला के संयुक्त तत्वावधान में दुर्गाकुंड स्थित राजकीय वृद्धाश्रम में भावनात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संस्था के सदस्यों ने वृद्धाश्रम में रह रही माताओं के साथ समय बिताकर उन्हें सम्मान और अपनत्व का एहसास कराया।
इस दौरान माताओं को उपहार, फल एवं मिठाइयां वितरित की गईं। संस्था के सदस्यों ने गीत-संगीत, नृत्य और आत्मीय संवाद के माध्यम से ऐसा माहौल बनाया कि वृद्धाश्रम खुशियों से गूंज उठा। कई माताएं भावुक हो गईं और उन्होंने संस्था के इस प्रयास को सराहनीय बताया।
कार्यक्रम में माताओं के स्वास्थ्य और जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उन्हें दैनिक उपयोग की सामग्री भी भेंट की गई। संस्था के सदस्यों ने वृद्ध माताओं का आशीर्वाद प्राप्त कर उनके साथ मातृ दिवस मनाया।

संस्था की संस्थापिका सारिका दुबे ने कहा कि मां त्याग, प्रेम और संस्कार की प्रतिमूर्ति होती हैं। वृद्धाश्रम में रह रही माताओं के चेहरे पर मुस्कान लाना हमारे लिए सबसे बड़ा सौभाग्य है। उन्होंने कहा कि समाज के हर व्यक्ति को अपने माता-पिता और बुजुर्गों के सम्मान व सेवा के लिए आगे आना चाहिए।
कार्यक्रम में रितेश मिश्रा, आहिल खान, रिया, प्रेमलता, प्रीति, शीतांशु, मोहित, सागर, हिमांशु, मुस्कान साहू, आशीष जायसवाल, पूनम जायसवाल, राजीव टंडन एवं आरती टंडन सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।









