वाराणसी। समाज में पारिवारिक जिम्मेदारियों से मुंह मोड़ने वालों के खिलाफ कानून का शिकंजा कसता जा रहा है। इसी क्रम में थाना चेतगंज पुलिस ने न्यायालय द्वारा जारी वारंट के आधार पर एक वारंटी अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन एवं अपर पुलिस उपायुक्त के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज एवं प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हबीबपुरा क्षेत्र में छापेमारी कर विकास प्रसाद अग्रहरी (उम्र लगभग 45 वर्ष) को उसके आवास से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, अभियुक्त के विरुद्ध माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम-2007 की धारा-05 के तहत मा. न्यायालय वाराणसी द्वारा वारंट जारी किया गया था। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई पूर्ण कर अभियुक्त को जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तारी टीम में प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार शुक्ला, उपनिरीक्षक रोहित तिवारी एवं कांस्टेबल प्रदीप कुमार शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों में कानून सख्ती से कार्रवाई कर रहा है, जिससे समाज में बुजुर्गों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित हो सके।









