वाराणसी। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच आमजन को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से रेडक्रॉस सोसाइटी की ओर से बुधवार को कबीरचौरा रोड स्थित शिवप्रसाद गुप्त अस्पताल के सामने निशुल्क प्याऊ का शुभारम्भ किया गया। राहगीरों, मरीजों के परिजनों तथा आसपास के लोगों को ठंडा पेयजल उपलब्ध कराने के लिए शुरू किए गए इस सेवा कार्य की स्थानीय लोगों ने सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव डॉ. संजय राय ने बताया कि संस्था आगामी एक माह तक “सामुदायिक सेवा माह” के रूप में विभिन्न जनहितकारी कार्यक्रम संचालित करेगी। उन्होंने कहा कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए शहर के कई प्रमुख स्थानों पर निशुल्क प्याऊ लगाए जाएंगे, ताकि राहगीरों और जरूरतमंद लोगों को राहत मिल सके।
उन्होंने बताया कि रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा सामाजिक सरोकार से जुड़े अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इसके अंतर्गत निराश्रित एवं जरूरतमंद बच्चों को वस्त्र वितरण, स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, जागरूकता अभियान तथा जनकल्याण से जुड़े कई सेवा कार्य किए जाएंगे। इसके अलावा कैंसर एवं थैलेसीमिया पीड़ित मरीजों की सहायता के लिए रक्तदान शिविर आयोजित कर रेडक्रॉस सदस्य रक्तदान करेंगे, जिससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।

इस अवसर पर रेडक्रॉस चेयरमैन विजय शाह ने कहा कि समाज सेवा और मानवता की सहायता रेडक्रॉस का मूल उद्देश्य है तथा संस्था हर परिस्थिति में जरूरतमंदों के साथ खड़ी रहती है।
कार्यक्रम में रेडक्रॉस चेयरमैन विजय शाह, सचिव डॉ. संजय राय, डॉ. एस.एस. गांगुली, जे.पी. बालानी, वेद मूर्ति शास्त्री, डॉ. सुनील मिश्रा, डॉ. अजय अग्रवाल, रोहित बालानी, संतोष जैन, विक्की गौड़, अरविंद गांधी सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय योगदान दिया।









