वाराणसी। भावातीत ध्यान के प्रणेता, वैज्ञानिक संत महर्षि महेश योगी का 109वां जन्मोत्सव सोमवार को ज्ञान युग दिवस के रूप में काशी स्थित महर्षि आश्रम, शकरकंद गली, मीरघाट में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। आश्रम के प्रबंधक सुनील श्रीवास्तव ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्रह्मचर्य विद्यालय के प्रबंधक अंजनी मिश्र ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। महर्षि संस्थान के संचालक वेद विद्या मार्तंड ब्रह्मचारी गिरीश के दिव्य निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में आश्रम के बटुकों, ध्यानियों एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों की सहभागिता रही।समारोह के दौरान बटुकों द्वारा गुरु पूजन, भावातीत ध्यान का अभ्यास, चारों वेदों का पाठ, रुद्राभिषेक पूजन एवं हनुमान चालीसा का पाठ संपन्न हुआ, जिसके पश्चात प्रसाद वितरण किया गया। कार्यक्रम में श्री विद्या मठ के वेदाचार्य विनय पांडे, माया संस्कृत विद्यालय के प्राचार्य जितेंद्र धर द्विवेदी, आचार्य रविंद्र त्रिपाठी, संपूर्णानंद विश्वविद्यालय के अध्यक्ष कृष्ण मोहन शुक्ला, आचार्य राकेश मिश्रा, आचार्य अनिरुद्ध मिश्रा, भाजपा नेता सुनील शर्मा सहित वीरेंद्र श्रीवास्तव, पवन पटेरिया, सुखेंद्र भार्गव, अर्पित शर्मा एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। समारोह के अंत में सहायक प्रबंधक सीमांत केसरी स्वामी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।









