वाराणसी। काशी के कोतवाल बाबा काल भैरव की वर्ष 1954 से चली आ रही स्वर्ण-रजत प्रतिमा की पारंपरिक एवं ऐतिहासिक शोभायात्रा 16 जुलाई (गुरुवार) को प्रातः 7 बजे चौखम्भा स्थित काठ की हवेली से भव्य रूप से निकाली जाएगी। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर बाबा काल भैरव मंदिर पहुंचेगी, जहां प्रतिमा की विधि-विधान से प्रतिष्ठापना, विशेष श्रृंगार और पूजन-अर्चन होगा। इसकी जानकारी स्वर्णकार क्षत्रिय कमेटी, वाराणसी के अध्यक्ष घनश्याम सेठ “बच्चा” ने पराड़कर स्मृति भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी।
उन्होंने बताया कि शोभायात्रा की अगुवाई पुलिस के घुड़सवार दस्ते द्वारा की जाएगी। इसके बाद ढोल-ताशा दल, कमेटी का ध्वज, संस्थापक स्व. किशुन सेठ एवं स्व. भीखू सिंह की सुसज्जित प्रतिमाएं तथा भजन प्रस्तुत करती बैंड पार्टियां शामिल होंगी। इस वर्ष माता वैष्णो देवी की भव्य झांकी, गोविंदेश्वर महादेव, शिव-पार्वती, राधा-कृष्ण, काली माता, भगवान श्रीराम परिवार एवं हनुमान जी के सजीव स्वरूप शोभायात्रा के विशेष आकर्षण होंगे। न्यू लाइफ इवेंट प्लानर के कलाकार भजन-कीर्तन प्रस्तुत करते हुए यात्रा की शोभा बढ़ाएंगे।
शोभायात्रा के अंतिम रथ पर पुष्पों से सुसज्जित बाबा काल भैरव की स्वर्ण-रजत प्रतिमा विराजमान रहेगी। यात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालु एवं सामाजिक संगठन बाबा का पुष्पवर्षा, आरती और पूजन के साथ स्वागत करेंगे तथा प्रसाद वितरण किया जाएगा।

महामंत्री राजू वर्मा (बिछिया वाले) ने बताया कि शोभायात्रा चौखम्भा से प्रारंभ होकर बीबी हटिया, जतनबर, विशेश्वरगंज, महामृत्युंजय, दारानगर, मैदागिन, बुलानाला, चौक, नारियल बाजार, गोविंदपुरा, ठठेरी बाजार, सोराकुआं, गोलघर और भुतही इमली होते हुए भैरोनाथ चौराहे पहुंचेगी। इसके बाद बाबा काल भैरव मंदिर में प्रतिमा की प्रतिष्ठापना कर विशेष श्रृंगार किया जाएगा तथा श्रद्धालु रात्रि की शयन आरती तक दर्शन कर सकेंगे।
सायंकाल पंडित जयकृष्ण दीक्षित के आचार्यत्व में बसंत पूजा का आयोजन होगा। इस अवसर पर परंपरागत ‘काशी के कोतवाल’ स्मारिका का भी प्रकाशन किया गया है, जिसके संपादक रविशंकर सिंह, सह-संपादक कमल कुमार सिंह एवं संदीप सेठ हैं।
शोभायात्रा एवं सांस्कृतिक मंत्री जनार्दन वर्मा “प्रधान” ने बताया कि यात्रा के सुचारु संचालन के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। मीडिया प्रभारी का दायित्व डॉ. कैलाश सिंह विकास एवं किशोर कुमार सेठ को सौंपा गया है। मंदिर परिसर एवं शोभायात्रा मार्ग को आकर्षक फूलों, झालरों और तोरणद्वारों से सजाया जाएगा। नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवक भी यात्रा की व्यवस्था में सहयोग करेंगे। नगर आयुक्त को मार्गों की मरम्मत एवं स्वच्छता सुनिश्चित कराने के लिए पत्र भी सौंपा गया है।
अध्यक्ष घनश्याम सेठ “बच्चा” ने काशीवासियों एवं श्रद्धालुओं से परिवार सहित शोभायात्रा और बाबा काल भैरव के दिव्य श्रृंगार दर्शन में शामिल होने की अपील की। साथ ही काशी के समस्त स्वर्ण व्यवसायियों से अनुरोध किया कि वे 16 जुलाई को निर्धारित समय तक अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर शोभायात्रा में सहभागिता सुनिश्चित करें।










