वाराणसी, 24 जुलाई। रेलवे बोर्ड के निर्देशों तथा बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के महाप्रबंधक आशुतोष पंत के मार्गदर्शन में शुक्रवार को बरेका के राजभाषा विभाग की ओर से हिंदी निबंध, वाक् तथा टिप्पण एवं प्रारूप लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर हिंदी लेखन, अभिव्यक्ति और भाषाई दक्षता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
प्राविधिक प्रशिक्षण केंद्र के सभागार में प्रथम पाली के दौरान “जल संरक्षण : आवश्यकता एवं उपाय” तथा “वर्तमान राष्ट्रीय परिदृश्य में भारतीय भाषाओं का महत्व” विषयों पर हिंदी निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसी सत्र में हिंदी टिप्पण एवं प्रारूप लेखन प्रतियोगिता भी संपन्न हुई, जिसमें प्रतिभागियों ने कार्यालयीन हिंदी लेखन की उत्कृष्ट समझ और व्यावहारिक दक्षता का परिचय दिया।
द्वितीय पाली में प्रशासन भवन स्थित कीर्ति कक्ष में “कृत्रिम बुद्धिमत्ता के विभिन्न आयाम” तथा “स्वास्थ्य एवं दैनिक अनुशासन” विषयों पर हिंदी वाक् प्रतियोगिता आयोजित हुई। प्रतिभागियों ने प्रभावशाली वक्तृत्व, स्पष्ट उच्चारण और विषय की सारगर्भित प्रस्तुति से निर्णायकों को प्रभावित किया।
वाक् प्रतियोगिता में प्राविधिक प्रशिक्षण केंद्र के प्राचार्य सुभाष चंद्र यादव, उप मुख्य विपणन प्रबंधक (विक्रय) अनूप मिश्रा तथा वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी यथार्थ पाण्डेय ने निर्णायक की भूमिका निभाई।

प्रतियोगिताओं के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन में वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी यथार्थ पाण्डेय, वरिष्ठ अनुवादक विजय प्रताप सिंह सहित राजभाषा विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।










