वाराणसी, 07 अप्रैल 2026। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में अमृत भारत पुश-पुल (WAP-7) लोकोमोटिव की कम्प्लीट शेल असेम्बली से जुड़े वेंडर्स के साथ मंगलवार को बरेका प्रशासन भवन स्थित कीर्ति कक्ष में एक महत्वपूर्ण वेंडर मीट आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत ने की।
बैठक में शेल सप्लाई, विभिन्न आइटम्स के फिटमेंट, निरीक्षण प्रक्रिया, सेवा तथा गुणवत्ता सुनिश्चित करने जैसे अहम विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। महाप्रबंधक श्री पंत ने कहा कि चालू वित्तीय वर्ष में निर्धारित 170 अमृत भारत लोकोमोटिव के उत्पादन लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रति माह लगभग 15 लोकोमोटिव का निर्माण आवश्यक है। इसके लिए कम्प्लीट शेल असेम्बली की समयबद्ध उपलब्धता अत्यंत जरूरी है। उन्होंने वेंडर्स को गुणवत्ता और तकनीकी दक्षता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर श्री मनोज कुमार गुप्ता, मुख्य अभिकल्प इंजीनियर (विद्युत लोको) श्री अनुराग कुमार गुप्ता, मुख्य सामग्री प्रबंधक (लोको) श्री अमित वर्मा, मुख्य विद्युत इंजीनियर (निरीक्षण) श्री भारद्वाज चौधरी, मुख्य विद्युत इंजीनियर (लोको) श्री अरविन्द कुमार जैन, उप महाप्रबंधक श्री सागर, उप मुख्य विद्युत इंजीनियर (लोको) श्री सुदीप रावत तथा उप मुख्य अभिकल्प इंजीनियर/यांत्रिक श्री पलाश सक्सेना सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं वेंडर्स के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।










