वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में जुलाई माह में सेवानिवृत्त हुए एक अधिकारी एवं 19 कर्मचारियों को शुक्रवार को गरिमामय समारोह में भावभीनी विदाई दी गई। प्रशासन भवन स्थित कीर्ति कक्ष में आयोजित सम्मान समारोह में महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने सभी कर्मयोगियों के दीर्घकालीन योगदान को नमन करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं सम्मानपूर्ण जीवन की शुभकामनाएं दीं।
समारोह का शुभारंभ प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लालजी चौधरी ने महाप्रबंधक का पौधा भेंटकर स्वागत करते हुए किया। उन्होंने अपने संबोधन में सेवानिवृत्त कर्मियों की निष्ठा, समर्पण और उत्कृष्ट सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि उनके योगदान ने बरेका की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
अध्यक्षीय संबोधन में महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने कहा कि सेवानिवृत्ति किसी कर्मयोगी की यात्रा का अंत नहीं, बल्कि जीवन के नए अध्याय की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि लंबे सेवाकाल में अर्जित अनुभव और कार्यसंस्कृति समाज व परिवार के लिए प्रेरणास्रोत बनती है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से नियमित व्यायाम, संतुलित आहार और सकारात्मक सोच अपनाकर स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन जीने का आह्वान किया।
इस अवसर पर महाप्रबंधक ने सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारियों को माल्यार्पण कर स्मृति-चिह्न एवं सम्मान फोल्डर प्रदान किए। सम्मानित होने वालों में सहायक वित्त सलाहकार राजेश कुमार श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।

समारोह को प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेकशील, महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त देवराज कुमार मौर्य, मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. अब्दुल माबूद तथा कर्मचारी परिषद के संयुक्त सचिव प्रदीप कुमार यादव ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों की ईमानदार एवं समर्पित सेवाओं की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह में बरेका के वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारी परिषद के पदाधिकारियों, सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिजनों तथा बड़ी संख्या में सहकर्मियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को भावनात्मक और गरिमामय बना दिया। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी (मुख्यालय) राज कुमार गुप्ता ने किया।










