वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के लिए यह गर्व का क्षण है कि भंडार विभाग में कार्यालय अधीक्षक के पद पर कार्यरत श्री अभिमन्यु राय को उत्तर प्रदेश सब-जूनियर वॉलीबॉल टीम का प्रशिक्षक नियुक्त किया गया है। उत्तर प्रदेश वॉलीबॉल एसोसिएशन ने आगामी 44वीं सब-जूनियर राष्ट्रीय वॉलीबॉल चैम्पियनशिप को दृष्टिगत रखते हुए यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है। वॉलीबॉल के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय रहे श्री अभिमन्यु राय अपने तकनीकी ज्ञान, अनुभव और अनुशासित प्रशिक्षण शैली के लिए जाने जाते हैं। उनके मार्गदर्शन में प्रदेश की उभरती प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन का अवसर मिलेगा। श्री राय का चयन न केवल उनके खेल योगदान की पहचान है, बल्कि बरेका के लिए भी सम्मान की बात है कि उसका एक कर्मी प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच तक पहुँचाने में अहम भूमिका निभाएगा। इस उपलब्धि पर बरेका के अधिकारियों एवं खेलप्रेमी रेलकर्मियों ने उन्हें बधाई देते हुए सफल कार्यकाल की शुभकामनाएँ दी हैं।









