वाराणसी, 20 अप्रैल 2026। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के केंद्रीय चिकित्सालय में विश्व लीवर दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम एवं फाइब्रो स्कैन जांच शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन चिकित्सालय के सभागार में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर अपने लीवर की जांच कराई।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश कुमार ने किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में गलत खान-पान, शराब सेवन, दवाओं के दुष्प्रभाव, मधुमेह और असंतुलित जीवनशैली के कारण फैटी लीवर, हेपेटाइटिस, लीवर सिरोसिस और कैंसर जैसी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष विश्व लीवर दिवस की थीम “अच्छी आदतें, स्वस्थ लिवर” है, जो लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करती है।
उन्होंने यह भी बताया कि फाइब्रो स्कैन जांच के माध्यम से लीवर के लचीलेपन का आकलन कर विभिन्न लीवर संबंधी रोगों की स्थिति का समय रहते पता लगाया जा सकता है। इससे सूजन, फाइब्रोसिस, ट्यूमर और अन्य जटिलताओं की रोकथाम संभव है।

कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी एवं फिजिशियन डॉ. एस.के. मौर्या ने उपस्थित लोगों को लीवर रोगों की रोकथाम और प्रारंभिक उपचार के बारे में जानकारी दी, वहीं डॉ. मिन्हाज अहमद ने लोगों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।
शिविर में श्री भगवान सिंह यादव एवं श्री शिव सिंह द्वारा फाइब्रो स्कैन जांच की गई। कार्यक्रम को सफल बनाने में मुख्य नर्सिंग सुपरिटेंडेंट श्रीमती चंद्रकला राव सहित अन्य नर्सिंग स्टाफ एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।शिविर में कुल 110 लोगों ने अपने लीवर की जांच कराकर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया।









