वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के बास्केटबॉल कोर्ट पर शनिवार को आयोजित अंडर-17 बालिका बास्केटबॉल प्रतियोगिता के तीसरे दिन खिलाड़ियों का जोश, उत्साह और खेल कौशल देखने लायक रहा। 07 मई से 10 मई 2026 तक चल रही इस चार दिवसीय प्रतियोगिता में वाराणसी की सात प्रतिष्ठित टीमों की प्रतिभाशाली बालिका खिलाड़ी हिस्सा ले रही हैं।
प्रतियोगिता में राजर्षि क्लब, सनबीम सन सिटी, बरेका, सिगरा स्टेडियम, संत अतुलानंद (होलापुर), सनबीम भगवानपुर एवं सनबीम वरुणा की टीमें भाग ले रही हैं।
दिन का पहला मुकाबला सनबीम वरुणा और संत अतुलानंद (होलापुर) के बीच खेला गया। इसमें सनबीम वरुणा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 26-15 से जीत दर्ज की। टीम की खिलाड़ी तमन्ना ने सर्वाधिक 12 अंक अर्जित किए।

दूसरे मैच में राजर्षि क्लब और बरेका आमने-सामने रहे। राजर्षि क्लब की टीम ने बेहतरीन तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए बरेका को 47-29 से पराजित किया। राजर्षि क्लब की स्वास्ति ने अपनी टीम के लिए सर्वाधिक 15 अंक बनाए। तीसरे मुकाबले में सनबीम सनसिटी ने सिगरा स्टेडियम को 21-04 से हराकर शानदार जीत अपने नाम की।
प्रतियोगिता स्थल पर खिलाड़ियों का उत्साह और खेल भावना दर्शकों को आकर्षित करती रही। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया, जिससे पूरा खेल परिसर रोमांच और ऊर्जा से भर उठा।
इस अवसर पर बरेका बास्केटबॉल एकेडमी के कोच एल.के. बिस्वाल उपस्थित रहे। निर्णायक मंडल में विकास यादव, लक्ष्य वर्मा, राहुल श्रीवास्तव एवं आलोक रंजन ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बड़ी संख्या में खेलप्रेमियों और अभिभावकों की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया।









