वाराणसी। थाना सारनाथ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घर में घुसकर बक्सा तोड़कर आभूषण व नगदी चोरी करने की घटना का सफल अनावरण करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण तथा 1250 रुपये नगद बरामद किए हैं।
पुलिस आयुक्त के निर्देशन में कमिश्नरेट वाराणसी में चोरी, लूट एवं नकबजनी की घटनाओं के खुलासे तथा वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह सफलता हासिल हुई। पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन, अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त सारनाथ के नेतृत्व में थाना सारनाथ पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दोनों अभियुक्तों को शुक्रवार को मधुबन नगर कॉलोनी मार्ग के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, वादी ने थाना सारनाथ में लिखित तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उसके घर में घुसकर बक्सा तोड़ ले गए और उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण तथा नगदी चोरी कर ली। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाई और सूचना तंत्र को मजबूत करते हुए संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसी क्रम में पुलिस को सफलता मिली और दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर चोरी की घटना का खुलासा कर दिया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों की उम्र क्रमशः 46 वर्ष एवं 19 वर्ष बताई गई है।

बरामदगी में चोरी के पीली व सफेद धातु के आभूषणों के साथ 1250 रुपये नकद शामिल हैं। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर अन्य संभावित घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष पंकज कुमार त्रिपाठी, उपनिरीक्षक अजय कुमार, महिला उपनिरीक्षक संगीता देवी, मुख्य आरक्षी दिलीप यादव, मुख्य आरक्षी विनीत सिंह, महिला कांस्टेबल इन्द्रकला, रिक्रूट महिला कांस्टेबल शिखा तिवारी एवं पल्लवी शामिल रहीं।










