वाराणसी। भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के प्रशिक्षण केंद्र एसटीसी वाराणसी द्वारा रविवार को यू.पी. कॉलेज परिसर में “संडे ऑन साइक्लिंग” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। फिट इंडिया अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में GST एवं कस्टम्स वाराणसी का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और आमजन में फिटनेस, स्वास्थ्य जागरूकता तथा साइक्लिंग संस्कृति को बढ़ावा देना था।
साइक्लिंग रैली में करीब 200 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली का शुभारंभ एसटीसी वाराणसी, यू.पी. कॉलेज परिसर से हुआ तथा विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए पुनः एसटीसी परिसर में इसका समापन हुआ। प्रतिभागियों ने लगभग चार किलोमीटर की दूरी तय कर नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। पूरे आयोजन के दौरान प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में GST विभाग की अतिरिक्त आयुक्त श्रीमती कविता सिंह एवं श्री पीयूष शुक्ला उपस्थित रहे। इनके साथ सहायक आयुक्त श्री भूपेंद्र विजय, अधीक्षक श्री केशव सिंह, श्री बृजेश पांडेय, श्री आसिफ अली, श्री हिमांशु श्रीवास्तव, निरीक्षक श्री विश्व बंधु एवं श्री राजेश कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर भारतीय खेल प्राधिकरण के सहायक निदेशक श्री प्रवीण कुमार ने SAI के कोचों एवं कर्मचारियों के साथ सभी अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि नियमित साइक्लिंग और व्यायाम न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि मानसिक रूप से भी व्यक्ति को सशक्त बनाते हैं।कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों एवं अतिथियों ने फिट और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। धन्यवाद ज्ञापन के साथ आयोजन का समापन हुआ।











