वाराणसी, 24 अप्रैल। पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी के वरुणा जोन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सारनाथ पुलिस ने फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर जमीन दिलाने के नाम पर ठगी करने के मामले में वांछित अभियुक्ता को गिरफ्तार किया है।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराधों की रोकथाम और फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के क्रम में, पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के निर्देशन और सहायक पुलिस आयुक्त सारनाथ के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। थाना सारनाथ की टीम ने शुक्रवार को खजुहीं क्षेत्र से करीब 51 वर्षीय अभियुक्ता को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, मामले की शुरुआत 2 फरवरी 2025 को हुई थी, जब पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि विपक्षी पक्ष ने अपना सही पता छिपाकर फर्जी दस्तावेज तैयार किए और जमीन लिखने के नाम पर उससे एक लाख रुपये ठग लिए। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर अभियुक्ता की संलिप्तता सामने आने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना सारनाथ के थानाध्यक्ष पंकज कुमार त्रिपाठी, उपनिरीक्षक राहुल कुमार यादव, महिला उपनिरीक्षक अजनी, हेड कांस्टेबल मंजू जायसवाल और महिला कांस्टेबल प्रतिमा सरोज शामिल रहीं।








