वाराणसी, 07 जून 2026। वरिष्ठ नागरिक पेंशनर्स सेवा संस्थान उत्तर प्रदेश, शाखा वाराणसी की मासिक बैठक डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ भवन, लोक निर्माण विभाग, रहनिया पुल, नदेसर में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता संस्थान के अध्यक्ष राजेश्वर पाण्डेय ने की तथा संचालन जिला मंत्री जयराज बहादुर सिंह ने किया।
बैठक में नए सदस्यों का सम्मान किया गया। साथ ही संस्थान के अध्यक्ष राजेश्वर पाण्डेय को “काशी रत्न-2026” एवं आजीवन सदस्य हो० आना पाल राम को “लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड-2026” से आई.ए.जे. द्वारा सम्मानित किए जाने पर उनका अभिनंदन किया गया।
पेंशनर्स एवं वक्ताओं ने प्रांतीय संगठन के आह्वान पर 23 मई 2026 से 24 मई 2026 तक सोशल मीडिया के माध्यम से चलाए गए जनजागरण एवं ध्यानाकर्षण अभियान “वैलिडेशन एमओयू वापस लो”, “पेंशन हमारा अधिकार” तथा “पेंशन हमारा सुरक्षित भविष्य” का पुरजोर समर्थन करते हुए इसे शत-प्रतिशत सफल बनाने का संकल्प लिया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि 25 जून 2026 को महामहिम राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, केंद्रीय वित्त मंत्री, मुख्यमंत्री तथा प्रदेश के वित्त मंत्री को ज्ञापन ई-मेल एवं स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेजा जाएगा तथा मांगों के शीघ्र निस्तारण की अपील की जाएगी।
मुख्य मांगों में सभी पेंशनर्स को आठवें वेतन आयोग का लाभ दिए जाने, राशीकरण कटौती की अवधि 15 वर्ष के स्थान पर 11 वर्ष किए जाने, 65, 70 एवं 75 वर्ष की आयु पर क्रमशः 5, 10 एवं 15 प्रतिशत पेंशन वृद्धि तथा “वन रैंक वन पेंशन” लागू करने की मांग शामिल रही। वक्ताओं ने कहा कि पेंशनर्स अपने अधिकारों की लड़ाई के लिए संघर्ष को तैयार हैं।
बैठक में सदस्य संख्या बढ़ाने एवं संस्थान की वित्तीय स्थिति को मजबूत बनाने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक को ई० आनंद लाल, ई० संजय कुमार श्रीवास्तव, के० आर० शास्त्री, बंशी लाल जायसवाल, सुभाष सिंह, ई० सी०बी० सिंह, संत लाल यादव तथा डॉ० उमेश चंद्र राय सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया।
अंत में जिला मंत्री जयराज बहादुर सिंह ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।










