वाराणसी। वरिष्ठ नागरिक पेंशनर्स सेवा संस्थान उत्तर प्रदेश की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बैठक दिनांक 9 मई 2026 को आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश के 66 जनपदों के पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल हुए। बैठक में पेंशनर्स की विभिन्न मांगों को लेकर व्यापक आंदोलन चलाने का निर्णय लिया गया।
संस्थान के महामंत्री बी.के. तिवारी के नेतृत्व में प्रदेशभर के सेवा निवृत्त पेंशनर्स 25 मई 2026 से अपनी मांगों को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित करने हेतु अभियान चला रहे हैं। पेंशनर्स द्वारा विशेष रूप से वैलिडेशन एक्ट 2025 को वापस लेने, समान रैंक-समान पेंशन लागू करने, पूर्व से प्राप्त सुविधाओं को पुनः बहाल करने तथा सभी पेंशनर्स को आठवें वेतन आयोग की संस्तुतियों के दायरे में शामिल करने की मांग उठाई जा रही है।
इन मांगों के समर्थन में पेंशनर्स सोशल मीडिया, नेटवर्किंग समूहों एवं विभिन्न माध्यमों से व्यापक जनजागरण अभियान चला रहे हैं। संस्थान की ओर से निर्णय लिया गया है कि 25 जून 2026 को महामहिम राष्ट्रपति, राज्यपाल, प्रधानमंत्री, वित्त मंत्री एवं मुख्यमंत्री को ई-मेल तथा स्पीड पोस्ट के माध्यम से ज्ञापन प्रेषित किया जाएगा।

यह जानकारी संस्थान की वाराणसी शाखा के जिला मंत्री जयराज बहादुर सिंह ने दी।









