वाराणसी, 25 फरवरी 2026। पुलिस उपायुक्त कार्यालय गोमती जोन के अंतर्गत थाना जंसा पुलिस ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए गुमशुदा युवती को सकुशल बरामद कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जलालपुर, थाना जंसा निवासी 23 वर्षीय पूजा पटेल 11 फरवरी 2026 को अपने माता-पिता से नाराज होकर बिना बताए घर से चली गई थी। काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग न मिलने पर युवती की माता की तहरीर के आधार पर थाना जंसा में गुमशुदगी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए उ0नि0 पवन कुमार, चौकी प्रभारी कस्बा जंसा तथा मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी म0उ0नि0 नेहा सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। सर्विलांस सेल की सहायता से सतत प्रयास करते हुए पुलिस ने युवती को मंडुवाडीह थाना क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया।आवश्यक विधिक कार्यवाही पूर्ण करने के उपरांत युवती को परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में गुमशुदगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। इस सफल कार्रवाई से क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता और संवेदनशीलता का संदेश गया है।









