वाराणसी। उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षक संघ के प्रदेश संगठन मंत्री सुशील सिंहा ने पत्र जारी कर वाराणसी के लेढूपुर स्थित श्री दयानंद बाल विद्या मंदिर जूनियर हाई स्कूल के शिक्षक नीरज कुमार सैनी को जनपद वाराणसी का संयुक्त मंत्री नियुक्त किया है।
प्रदेश कार्यकारिणी द्वारा शिक्षा क्षेत्र में उनके सराहनीय कार्यों एवं संगठनात्मक सक्रियता को देखते हुए यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। जारी पत्र में संगठन ने आशा व्यक्त की है कि नीरज सैनी जनपद के अंतर्गत आने वाले सभी ब्लॉकों में योग्य, कर्मठ शिक्षकों, कर्मचारियों, प्रधानाध्यापकों एवं प्रबंधकों का चयन कराने में जनपद एवं प्रदेश कार्यकारिणी का सहयोग करेंगे। साथ ही मान्यता प्राप्त विद्यालयों की समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करते हुए संगठन के उद्देश्यों के अनुरूप कार्य करेंगे।
नियुक्ति पत्र प्राप्त होने के बाद नीरज कुमार सैनी ने उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षक संघ के समस्त पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह संगठन के प्रति समर्पित एवं निष्ठावान रहकर शिक्षकों की समस्याओं के समाधान तथा संगठन को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य करेंगे।










