वाराणसी, 20 जून 2026। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर विश्व प्रसिद्ध नमो घाट योगमय वातावरण से सराबोर हो उठा। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 95वीं बटालियन, गोवर्धन पूजा समिति एवं यूनीक एकेडमी स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को भव्य योग अभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जवानों, शिक्षकों एवं आम नागरिकों को योग के प्रति जागरूक करना तथा शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम का आयोजन गोवर्धन पूजा समिति के अध्यक्ष विनोद यादव ‘गप्पू’ तथा सीआरपीएफ 95वीं बटालियन के कमांडेंट राजेश्वर बालापुरकर के निर्देशन में किया गया। पूरे आयोजन का नेतृत्व 95वीं बटालियन के सहायक कमांडेंट कृष्णकांत यादव ने किया। योगाचार्य अभय स्वाभिमानी ने उपस्थित लोगों को योग के विभिन्न आसनों एवं प्राणायामों का अभ्यास कराते हुए उनके स्वास्थ्य लाभों की विस्तृत जानकारी दी।
सुबह आयोजित इस योग सत्र में भारत सरकार के आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार अभ्यास कराया गया। प्रतिभागियों ने कपालभाति, अनुलोम-विलोम एवं भ्रामरी प्राणायाम के साथ ताड़ासन, वृक्षासन, वज्रासन तथा शवासन सहित अनेक योगासन किए। योगाचार्य ने बताया कि नियमित योगाभ्यास शरीर को स्वस्थ, मन को शांत तथा जीवन को संतुलित बनाने का प्रभावी माध्यम है।

इस अवसर पर सहायक कमांडेंट कृष्णकांत यादव ने कहा कि सीआरपीएफ के जवानों को कठिन एवं तनावपूर्ण परिस्थितियों में राष्ट्रसेवा करनी पड़ती है, वहीं शिक्षकों पर भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होती है। ऐसे में योग शारीरिक सुदृढ़ता के साथ मानसिक संतुलन एवं सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने सभी से योग को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान गोवर्धन पूजा समिति के पदाधिकारियों ने सीआरपीएफ जवानों का केसरिया अंगवस्त्र पहनाकर सम्मान किया। वहीं सीआरपीएफ 95वीं बटालियन की ओर से समिति अध्यक्ष विनोद यादव, कार्यक्रम संयोजक पारस यादव ‘पप्पू’ एवं योगाचार्य अभय स्वाभिमानी को स्मृति-चिह्न और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। योगाभ्यास में भाग लेने वाले अनेक प्रतिभागियों को सीआरपीएफ की ओर से टी-शर्ट भी वितरित की गई।
कार्यक्रम को सफल बनाने में बटालियन के अधिकारियों, जवानों तथा गोवर्धन पूजा समिति के पदाधिकारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अवसर पर पारस यादव ‘पप्पू’, लालचंद, रमेश गुप्ता, रामसमुझ गुप्ता, संतलाल, पप्पू मौर्य, मुन्ना चौरसिया, कमलेश शर्मा, मनीष सिंह, नंदनी यादव, निशा, सुमनलता, कंचन, श्रेया, दीपमाला, पल्लवी, सुनीता सहित बड़ी संख्या में नागरिक, शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। सीआरपीएफ की ओर से प्रवीण सिंह, दीपक कुमार, राजीव यादव, अमित कुमार एवं प्रेम सिंह सहित जवानों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।









