वाराणसी। आयुर्वेदाचार्य (बी.ए.एम.एस.) की मुख्य एवं पूरक परीक्षाओं में सख्ती का असर स्पष्ट रूप से देखने को मिल रहा है। महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय, गोरखपुर से संबद्ध सत्र 2022-23 (द्वितीय प्रोफेशनल, बैच-2022) एवं सत्र 2024-25 के छात्रों की परीक्षाएं 2 अप्रैल से 28 अप्रैल 2026 तक सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी केंद्र पर कड़ी निगरानी और पारदर्शी व्यवस्था के बीच संचालित की जा रही हैं।
इसी क्रम में उड़ाका दल ने परीक्षा के दौरान नकल करते हुए तीन छात्रों को पकड़कर तत्काल प्रभाव से परीक्षा से प्रतिबंधित कर दिया। इस कार्रवाई से परीक्षा में अनुशासन और शुचिता बनाए रखने के प्रति प्रशासन की सख्ती का संदेश गया है।
परीक्षा केंद्राध्यक्ष प्रो. दिनेश कुमार गर्ग ने बताया कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित वातावरण में कराई जा रही है। सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त हैं और अनुशासन बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

चीफ प्रॉक्टर प्रो. जितेन्द्र कुमार के नेतृत्व में उड़ाका दल लगातार परीक्षा कक्षों का निरीक्षण कर रहा है। निरीक्षण के दौरान तीन छात्र अनुचित साधनों का प्रयोग करते पकड़े गए, जिनके विरुद्ध तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें परीक्षा से निष्कासित कर दिया गया।
इस परीक्षा में लगभग 620 परीक्षार्थी सम्मिलित हो रहे हैं। केंद्राध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि विश्वविद्यालय के निर्देशों के अनुरूप सख्ती से परीक्षा कराई जा रही है तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।









