वाराणसी। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर माल निस्तारण अभियान के तहत थाना लंका पुलिस ने विभिन्न अभियोगों में जब्त/बरामद अवैध अंग्रेजी व देशी शराब का विधिवत विनष्टीकरण कराया। लगभग 72 लाख रुपये मूल्य की यह अवैध शराब न्यायालय की अनुमति प्राप्त करने के उपरांत नष्ट की गई। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त, काशी जोन के निर्देशन एवं अपर पुलिस उपायुक्त, काशी जोन के पर्यवेक्षण में सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर तथा प्रभारी निरीक्षक थाना लंका के नेतृत्व में संपन्न हुई। विनष्टीकरण की प्रक्रिया थाना लंका पुलिस, आबकारी विभाग तथा उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की संयुक्त टीम की उपस्थिति में पारदर्शिता के साथ पूरी की गई। विभिन्न मुकदमों से संबंधित जब्त माल में धारा 60 आबकारी अधिनियम के अंतर्गत पंजीकृत कई प्रकरण शामिल रहे। इनमें अलग-अलग मात्रा में देशी व अंग्रेजी शराब, बीयर तथा अवैध ब्रांड की पेटियां सम्मिलित थीं। प्रमुख मामलों में 10-10 लीटर की कई खेपों के अतिरिक्त 35 लीटर बीयर व 20 बोतल शराब, 21 पेटी अवैध “ऑफिसर च्वाइस” तथा एक अन्य मामले में 900 पेटी अंग्रेजी शराब भी शामिल रही। संबंधित एक प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के साथ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई थी।विनष्टीकरण के दौरान अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन, सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर, प्रभारी निरीक्षक थाना लंका, आबकारी निरीक्षक सेक्टर-1 वाराणसी तथा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की प्रतिनिधि समेत थाना लंका के पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब के विरुद्ध कमिश्नरेट स्तर पर सख्त अभियान जारी है और जब्त माल के शीघ्र निस्तारण से न केवल पारदर्शिता सुनिश्चित होती है, बल्कि अवैध तस्करी के विरुद्ध सख्त संदेश भी जाता है।









