वाराणसी। कैंट थाना अंतर्गत फुलवरिया क्षेत्र स्थित डायनेमिक इंग्लिश स्कूल में मंगलवार को वार्षिक परिणाम वितरण समारोह हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यार्थियों को मिशन शक्ति अभियान के तहत जागरूक भी किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैंट थाना प्रभारी शिवकांत मिश्रा एवं विशिष्ट अतिथि सेंट्रल बार के महामंत्री आशीष सिंह रहे। फुलवरिया चौकी इंचार्ज दीक्षा पांडे ने मिशन शक्ति फेज-5 के अंतर्गत बच्चों को सुरक्षा, आत्मरक्षा एवं जागरूकता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी।
समारोह में कक्षा के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि द्वारा पुरस्कृत किया गया। इस दौरान बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। “सत्यम शिवम सुंदरम” गीत पर छात्रा मोहिनी शर्मा के मनमोहक नृत्य ने उपस्थित अभिभावकों का दिल जीत लिया और पूरे परिसर में तालियों की गूंज सुनाई दी।

मुख्य अतिथि शिवकांत मिश्रा ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि छोटे से विद्यालय में बच्चों की अद्भुत प्रतिभा देखना अत्यंत सुखद अनुभव है। उन्होंने मोहिनी शर्मा की प्रस्तुति से प्रभावित होकर ₹1000 का नकद पुरस्कार भी प्रदान किया।
विशिष्ट अतिथि आशीष सिंह ने कहा कि विद्यालय भले ही आकार में छोटा हो, लेकिन उसका हौसला और उपलब्धियां बड़ी हैं। उन्होंने सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए निरंतर मेहनत करने का संदेश दिया।
विद्यालय के प्रबंधक दिलीप श्रीवास्तव ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन शबाना खातून एवं अलका तिवारी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती मधु पाल सहित दिनेश कुमार सिंह, संजय कुमार शर्मा, रेनू कुमारी, रूपा राजवीर, भरत, अंजली मौर्य, रीना त्रिपाठी, रागिनी पटेल, वंदना शर्मा, कंचन तिवारी, पूनम सिंह, अनु शर्मा, प्रतिमा राय, अलका तिवारी, अनिल कुमार समेत समस्त शिक्षकगण एवं अभिभावकगण उपस्थित रहे।









