वाराणसी। काशी अन्नपूर्णा क्षेत्र ट्रस्ट, अन्नपूर्णा मंदिर की ओर से गीता मंदिर परिसर में संचालित होने वाले निःशुल्क सिलाई एवं कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र का शुक्रवार को विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने फीता काटकर शुभारंभ किया। ट्रस्ट की इस पहल का उद्देश्य छात्राओं को कौशल प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना तथा रोजगार के अवसरों से जोड़ना है।
ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने बताया कि केंद्र पर लगभग 500 से 600 छात्राओं को सिलाई, बुनाई, कढ़ाई तथा कंप्यूटर का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक विभिन्न बैचों में संचालित होगा। सभी अभ्यर्थियों का चयन पूर्व में ही किया जा चुका है और किसी भी छात्रा से प्रशिक्षण के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
सिलाई प्रशिक्षण का पाठ्यक्रम एक वर्ष तथा कंप्यूटर प्रशिक्षण का कोर्स छह माह का निर्धारित किया गया है। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद सिलाई सीखने वाली छात्राओं को निःशुल्क सिलाई मशीन उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं कंप्यूटर पाठ्यक्रम में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को प्रोत्साहन स्वरूप लैपटॉप प्रदान किए जाएंगे, ताकि वे अपने कौशल का उपयोग कर स्वरोजगार अथवा रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ सकें।

अन्नपूर्णा मंदिर के महंत शंकर पुरी ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह केंद्र केवल कौशल विकास का माध्यम नहीं, बल्कि संस्कार निर्माण का भी केंद्र बनेगा। यहां प्राप्त प्रशिक्षण के माध्यम से छात्राएं आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित कर सकेंगी।
मुख्य अतिथि विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि काशी अन्नपूर्णा क्षेत्र ट्रस्ट की यह पहल समाज के लिए प्रेरणादायी है। इससे क्षेत्र की छात्राओं को निःशुल्क गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्राप्त होगा और वे आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगी।
इस अवसर पर मध्य प्रदेश के सीहोर भाजपा जिलाध्यक्ष नारायण मीना, ट्रस्ट के एक्जीक्यूटिव ट्रस्टी जनार्दन शर्मा, प्रदीप श्रीवास्तव, धीरेन्द्र सिंह, राजीव मिश्रा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।










