चंदौली। जनपद चंदौली में वन भूमि पर वर्षों से चले आ रहे अतिक्रमण के खिलाफ वन विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। चंद्रप्रभा रेंज अंतर्गत शिकारगंज सेक्शन के भोका बीट स्थित जंगल चुड़िया क्षेत्र में वन विभाग की टीम ने व्यापक अभियान चलाकर लगभग 30 हेक्टेयर (करीब 120 बीघा) वन भूमि को अतिक्रमणकारियों से मुक्त कराया।
कार्रवाई के दौरान वन विभाग ने जेसीबी मशीनों की सहायता से अवैध कब्जों को ध्वस्त कराया। विभागीय अधिकारियों के अनुसार यह भूमि लंबे समय से अवैध रूप से कब्जे में थी, जिस पर खेती एवं अन्य गतिविधियां की जा रही थीं। अभियान के बाद क्षेत्र को पूर्ण रूप से खाली कराकर वन विभाग के कब्जे में लिया गया।
वन विभाग ने बताया कि अतिक्रमण हटाने के पश्चात उक्त भूमि पर शीघ्र ही वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम संचालित किया जाएगा, जिससे वन क्षेत्र का विस्तार हो सके और पर्यावरण संतुलन को मजबूती मिले। अधिकारियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वन भूमि पर किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को लेकर विभाग की नीति शून्य सहनशीलता की है और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

अतिक्रमण हटाने की इस कार्रवाई में चकिया रेंजर अश्विनी चौबे, चंद्रप्रभा रेंजर अखिलेश दुबे के साथ ही रिशु चौबे, आनंद दुबे सहित वन विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए चकिया पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा।
वन विभाग की इस अचानक और सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में अतिक्रमणकारियों के बीच हड़कंप मच गया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में वन भूमि पर दोबारा कब्जे का प्रयास किया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वन विभाग की इस पहल को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे न केवल वन क्षेत्र सुरक्षित होगा बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित वातावरण भी सुनिश्चित किया जा सकेगा।









